राजस्थान में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह समय कड़ी परीक्षा का है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) की कई भर्तियों में आवेदकों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि प्रतिस्पर्धा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है। खास तौर पर लिपिक ग्रेड-II और कनिष्ठ सहायक की संयुक्त भर्ती में 10,644 पदों के लिए 5,18,551 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 13 फरवरी 2026 है।
RSMSSB अध्यक्ष आलोक राज ने जो आंकड़े जारी किए हैं, उसमें कई भर्तियों की स्थिति साफ होती है। महिला पर्यवेक्षक के 72 पदों पर 1,24,143 आवेदन आए हैं। यानी एक पद पर करीब 1,724 उम्मीदवार। वनपाल (फॉरेस्टर) की 259 पदों के लिए 3,76,139 लोगों ने फॉर्म भरा है। कृषि पर्यवेक्षक के 1,100 पदों पर 1,83,396 आवेदन दर्ज हुए हैं।
सबसे ज्यादा आवेदन लैब असिस्टेंट के पदों पर आए हैं। यहां 804 पदों के मुकाबले 4,67,701 आवेदन हैं। यानी एक पद पर 582 उम्मीदवार। हालांकि संख्या के लिहाज से लिपिक/कनिष्ठ सहायक भर्ती सबसे बड़ी है, लेकिन प्रतिस्पर्धा के मामले में महिला पर्यवेक्षक और वनपाल भर्ती आगे हैं।
भर्तियों की अंतिम तिथि अलग-अलग है। कृषि पर्यवेक्षक, वनपाल और महिला पर्यवेक्षक की आखिरी तारीख 11 फरवरी 2026 है। लिपिक ग्रेड-II/कनिष्ठ सहायक के आवेदन 13 फरवरी को बंद होंगे। लैब असिस्टेंट के लिए 25 फरवरी 2026 तक समय है।
राजस्थान में सरकारी नौकरियों में आवेदन का विवरण (2026)
| क्रमांक | भर्ती का नाम | कुल पद | कुल आवेदन | 1 पद पर अभ्यर्थी (लगभग) | अंतिम तिथि |
|---|---|---|---|---|---|
| 1 | कृषि पर्यवेक्षक | 1100 | 1,83,396 | 167 | 11 फरवरी 2026 |
| 2 | वनपाल (फॉरेस्टर) | 259 | 3,76,139 | 1452 | 11 फरवरी 2026 |
| 3 | महिला पर्यवेक्षक | 72 | 1,24,143 | 1724 | 11 फरवरी 2026 |
| 4 | लिपिक ग्रेड-II/कनिष्ठ सहायक | 10,644 | 5,18,551 | 49 | 13 फरवरी 2026 |
| 5 | लैब असिस्टेंट | 804 | 4,67,701 | 582 | 25 फरवरी 2026 |
इन आंकड़ों से यह साफ है कि इस बार चयन पाना आसान नहीं होगा। अभ्यर्थियों को न सिर्फ आवेदन की औपचारिकता पूरी करनी है, बल्कि तैयारी में भी कोई कसर नहीं छोड़नी होगी।
Advertisement






