22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, असम में बाढ़ ने मचाई तबाही
क्या आपके राज्य में भी आज बारिश का अलर्ट है? अगर हां, तो सावधान रहने का वक्त आ गया है। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश ने पहले ही तबाही मचानी शुरू कर दी है। असम में बाढ़ के चलते हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर पलायन करना पड़ा है। अब भारत मौसम विभाग ने एक और टेंशन देने वाला अलर्ट जारी किया है। IMD का कहना है कि अगले कुछ घंटों में देश के 22 राज्यों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। वजह साफ है, बंगाल की खाड़ी पर बना गहरा डिप्रेशन।
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक गहरा डिप्रेशन बना हुआ है। इसके असर से पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।
इस दौरान 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यह हवाओं की रफ्तार अपने आप में खतरे का संकेत है।
उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में अचानक बाढ़ का डर
मौसम विभाग ने इन राज्यों के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ आने का खतरा जताया है। स्थानीय प्रशासन को पहले से ही सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी
IMD ने समुद्री इलाकों के लिए भी अलर्ट दिया है। मछुआरों को 29 जुलाई की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के पास समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
वजह यह है कि इन इलाकों में समुद्र की हालत बेहद खराब रहने वाली है, और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवाएं चल सकती हैं।
आखिर किन 22 राज्यों पर है ख़राब मौसम खतरा?
28 जुलाई से 2 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अलग-अलग दिन भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
कुछ जगहों पर 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी हो सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब को लेकर खासतौर पर अलर्ट जारी हुआ है।
दिल्ली का हाल
राजधानी में आज यानी 28 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
29 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे, और कई जगह बारिश होगी। 30 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में कहां-कहां अलर्ट?
मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है।
28-29 जुलाई को पश्चिमी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। यह दौर 30 जुलाई और 1-2 अगस्त तक भी जारी रह सकता है। पूर्वी यूपी में 28-29 जुलाई और 2 अगस्त को भारी बारिश की आशंका है, जबकि 30-31 जुलाई को व्यापक वर्षा हो सकती है।
बिहार में भी अलर्ट
पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, सहरसा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय जैसे जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है। 28-29 जुलाई को कई जगह भारी बारिश होगी, और 30 जुलाई से 2 अगस्त तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना है।
राजस्थान में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
जयपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर, अलवर, बूंदी, झालावाड़, सिरोही और बांसवाड़ा समेत कई जिलों में अलर्ट जारी हुआ है। 28 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी राजस्थान में व्यापक बारिश होगी, जबकि 28-29 जुलाई और 1-2 अगस्त को बहुत भारी बारिश की आशंका है। 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच पश्चिमी राजस्थान में भी भारी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है।
अगर आप इनमें से किसी भी राज्य में हैं, तो अगले कुछ दिन थोड़ी सावधानी बरतना ही समझदारी होगी। जरूरी न हो तो बाढ़ प्रभावित इलाकों और नदी किनारे वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखें, और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, क्योंकि अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है।
इसे भी पढ़े – PM Fasal Bima Yojana: राजस्थान में 31 जुलाई तक कराएं खरीफ फसलों का बीमा, जानें बीमा की पूरी प्रोसेस
Advertisement






