कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में शनिवार को जो हुआ, वो ‘फुटबॉल का मक्का’ कहे जाने वाले इस ऐतिहासिक मैदान के लिए शर्मिंदगी भरा पल था। अर्जेंटीना के सुपरस्टार Lionel Messi को देखने के लिए जमा हजारों फैंस का उत्साह अचानक गुस्से में बदल गया। बोतलें और कुर्सियां उछलीं, हालात बिगड़े और मेस्सी को जल्दी ही स्टेडियम छोड़ना पड़ा। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जो स्टेडियम जा रही थीं, वो भी नहीं पहुंच सकीं।
हालात इतने बिगड़े कि पुलिस को बुलाना पड़ा
जैसे ही मेस्सी का कार्यक्रम शुरू हुआ, फैंस को लगा कि वो उन्हें ठीक से दिख ही नहीं रहा। आरोप लगने लगे कि नेता और सेलेब्रिटीज ने उन्हें घेर लिया है। लोगों ने बोतलें और कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। पुलिस को तुरंत बुलाया गया और हालात को कंट्रोल करने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि मेस्सी मैदान पर सिर्फ 10 मिनट ही रहे। एक फैन ने तो साफ कहा, “ये पब्लिक के साथ घोटाला है।”
मुख्यमंत्री ने X पर मांगी माफी, बनाई जांच कमेटी
जब ममता बनर्जी को इस बवाल की खबर मिली, तो वो स्टेडियम पहुंचने से पहले ही रास्ते से लौटने को मजबूर हो गईं। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म [X (Twitter)] पर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी। उन्होंने लिखा, “मैं गहरा आघात और सदमे में हूं। हजारों खेल प्रेमी और फैंस जमा हुए थे, लेकिन गलत प्रबंधन ने सब बिगाड़ दिया।” उन्होंने Justice Ashim Kumar Ray की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल जांच कमेटी भी बनाई है।
इस जांच कमेटी में खुद मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव, गृह और पहाड़ी मामलों के विभाग के सदस्य होंगे। कमेटी की जिम्मेदारी होगी कि वो पूरी घटना की डिटेल्ड जांच करे, जिम्मेदारी तय करे और भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए सुझाव दे। ममता ने स्पष्ट कहा है कि इसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
फैंस का गुस्सा: ₹12,000 का टिकट, फिर भी नहीं दिखा मेस्सी
फैंस में गुस्सा इसलिए भी था कि कई लोगों ने हजारों रुपये खर्च कर टिकट खरीदे थे। एक फैन ने ANI को बताया, “मैंने ₹12,000 का टिकट खरीदा, लेकिन मेस्सी की एक झलक भी नहीं देख पाया।” एक और फैन ने कहा, “मेरा बच्चा मेस्सी को देखने के लिए बहुत उत्साहित था, लेकिन कुछ नहीं मिला। ये पब्लिक के साथ घोटाला है।” लोगों ने “स्कैम” के नारे भी लगाए।
मेस्सी ने क्या किया कोलकाता में?
दिन में मेस्सी ने वर्चुअली अपनी 70 फीट की मूर्ति का अनावरण किया था, जिसमें वो FIFA वर्ल्ड कप ट्रॉफी लिए हैं। सिक्योरिटी कारणों से वो खुद वहां नहीं गए। इसके बाद वो कोलकाता के हयात होटल में बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान और उनके बेटे अबराम से मिले। लेकिन स्टेडियम वाला कार्यक्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा।
सवाल: कौन है जिम्मेदार?
अब सवाल ये है कि जो कार्यक्रम Football Celebration के तौर पर प्लान किया गया था, वो इतना बिगड़ कैसे गया? क्राउड मैनेजमेंट और इवेंट प्लानिंग पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जांच कमेटी बनाई है, लेकिन फैंस का गुस्सा अभी भी बरकरार है। कोलकाता के ‘फुटबॉल के मक्के’ में हुई इस घटना ने न सिर्फ शहर को शर्मिंदगी में डाला है, बल्कि भारत में बड़े इंटरनेशनल इवेंट्स के आयोजन पर भी सवाल खड़े किए हैं।
Advertisement






